Release of a book titled "Some People Like This" written by Amrita Kaur in Hindi and English

अमृता कौर द्वारा हिन्दी एवं अंग्रेजी में लिखित 
‘‘कुछ लोग ऐसे भी ’’ नामक पुस्तक का विमोचन
इटारसी। इटारसी के पथरौटा क्षेत्र में कार्यरत भारत कालिंग संस्था ने 25 अक्टूबर को पुरानी इटारसी स्थित पुराने प्रज्ञान स्कूल में पुस्तक विमोचन का एक कार्यक्रम आयोजित किया। इस पुस्तक में संस्था के सफलतम उच्च शिखर पर पहुंचे हुए 5 बच्चों के जीवन संघर्ष की कहानी कही गई है।
इस अवसर पर भारत कालिंग के संदीप मेहतो ने कहा कि हम लोगों ने युवाओं के दिल को छूने और समझने के लिए भारत कालिंग के माध्यम से प्रयास किया था। हमारा विश्वास है कि युवाओं के द्वारा कैरियर का निर्णय स्वयं लिया जा सकता है। हमें लगता है कि इन 5 बच्चों की कहानियों का अन्य युवाओं के मन पर प्रभाव पड़ेगा और यह कहानियां समाज के दूसरे बच्चों को सोचने के लिए प्रेरित करेंगी। इस पुस्तक को शिक्षा से जुड़े क्षेत्रों में वितरित किया जायेगा जिससे बच्चों के कैरियर के संबंध में बातचीत हो सके। इन बच्चों की कहानियां दस्तावेजीकरण का एक ऐसा माध्यम है जिससे आप अन्य बच्चों तक अपनी बात पहुंचा सकते है। इस पुस्तक में आदर्श रावत, कमला लविसकर, पंकज मेहतो, वंदना प्रधान, रोहित प्रजापति के जीवन संघर्ष की कहानियां कहीं गई है। इन कहानियों को लिखने के लिए कलकत्ता से पधारी उच्च शिक्षा की विद्यार्थी अमृता कौर ने हर बच्चे के गांव और घर जाकर न केवल उनके माता-पिता बल्कि गांव के लोगों से भी बातचीत की।
इन सभी गांवों के लोग इस बात से बेहद प्रभावित है कि भारत कालिंग उनके बच्चों की उच्च शिक्षा एवं कैरियर के लिए बहुत ही प्रयास कर रहा है। इन ग्रामीण क्षेत्रों में भारत कालिंग से निकले हुए उच्च शिक्षा प्राप्त कई विद्यार्थी गांव-गांव में शिक्षा का प्रसार भी कर रहे है।