Toilets-built-under-the-Sanitation-Campaign-in-rural-areas-will-be-examined

होशंगाबाद जिले में ग्रामीणांचलों में स्वच्छता अभियान के अंतर्गत बनाये गये शौचालयों की जांच होगी
होशंगाबाद। केंद्र सरकार ने होशंगाबाद जिले के ग्रामीणांचलों में भारत स्वच्छता अभियान के अंतर्गत ग्रामीणों के घरों में बनाये गए शौचालयों में हुए भ्रष्टाचार की जांच का आदेश अतिरिक्त प्रमुख सचिव पंचायती राज्य एवं ग्रामीण विकास मध्यप्रदेश शासन भोपाल को दिया है। इस संबंध में पंचायती राज्य मंत्रालय भारत सरकार की ओर से श्री एनपी टोपो अवरसचिव भारत सरकार ने पत्र लिखा है। पत्र में लिखा है चूंकि मामला राज्य सरकार से संबंधित है अत: आपसे अनुरोध है कि इस संबंध में कार्यवाही करें तथा की गई कार्यवाही से पंचायती राज्यमंत्रालय को अवगत कराये।
होशंगाबाद जिले के बनखेड़ी, पिपरिया, सोहागपुर, बबाई, होशंगाबाद, केसला एवं सिवनीमालवा विकासखंड के ग्रामीणांचलों में शौचालयों के निर्माण में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। एक ही शौचालय के सामने अलग-अलग ग्रामीणों के फोटो खींचकर 12 हजार रुपए की राशि का भुगतान किया गया है। इस संबंध में समय-समय पर जिला पंचायत होशंगाबाद को शिकायत किये जाने के बावजूद कोई कार्यवाही नहीं हुई। जनपद पंचायत सिवनीमालवा के अंतर्गत ग्राम पंचायत समरधा में स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत शौचालय बनाये जाने में हुए भ्रष्टाचार इसका जीता जागता उदाहरण है। यहां खुलकर भ्रष्टाचार हुआ है।
इस फर्जीवाड़े में रोजगार सहायक, सत्यापनकर्ता तथा ब्लॉक कोआर्डीनेटर की मिलीभगत बताई जा रही है। समरधा का ग्राम कामठा वर्तमान में पहुंचविहीन दुर्गम क्षेत्र की श्रेणी में आता है। दो नदियां पार कर कच्ची पगड्डियों के द्वारा वहां तथा संलग्न टोला में पहुंचा जा सकता है। इस ग्राम के 10 से 19 तक के निर्मित शौचालय की स्थिति भी यही है। प्रश्र यह उपस्थित होता है कि फोटो किन ग्रामीणों की लोड की गई जिनके खाते में धनराशि जमा हुई वह मात्र 5 है अन्य समस्त ग्रामों में अजा वर्ग के हितग्राहियों के शौचालय स्वीकृत किये गए। उनके खाते में राशि जमा नहीं हुई किंतु आहरण कर लिया गया। निसंदेह यह शासकीय धनराशि के गबन एवं योजना के क्रियान्वयन में की गई गंभीर अनियमितता है। जनपद पंचायत सिवनीमालवा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा ब्लॉक कोआर्डिनेटर द्वारा भौतिक सत्यापन एवं मॉनीटरिंग नहीं की गई। जिन हितग्राहियों के अन्य के खाते से एसपीआर कर खाता चेंज कर धनराशि निकाली गई उसमें समस्त जबावदार कर्मचारियों द्वारा रुपए का बटवारा किया गया। सरपंच ग्राम पंचायत समरधा कृष्णाबाई द्वारा 26/9/2017 को समरधा के ग्राम मोरघाट में माखनलाल अजा जिसकी आईडी 26389532 है ग्राम में निवास नहीं है, कु.प्रमिला कुमरे आईडी नं-427145444 भी है वह भी इस ग्राम में निवास नहीं है।
उक्त दोनों हितग्राहियों की राशि रोजगार सहायक द्वारा क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक बांकाबेड़ी के खाता क्रमांक 2001421030012493 खाता धारक रोशनी पिता डोंगरसिंह के खाते में डालकर निकाल ली गई। प्रमिला कुमारी की राशि खाता क्र-2001421030010574 क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक से निकाल ली गई। जबकि यह दोनों ग्रामीण माखनलाल तथा प्रमिला कुमारी ग्राम में नहीं रहते है। इनके शौचालय की राशि दूसरे खाते से निकाली गई। इस प्रकार ग्राम कामठा (दाविंडा टोला) में भी रामजी सुंदरलाल जिसकी आईडी नं.30125336 द्वारा शौचालय निर्माण हेतु आवेदन दिया गया।